छह बार के ग्रैंड स्लैम विजेता स्पेनिश टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारज़ ने टोक्यो (जापान) में चल रहे एटीपी 500 टूर्नामेंट में टखने के दर्द के कारण अपना अभ्यास सत्र छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, स्पेनिश खिलाड़ी पहले दौर के मैच के दौरान अर्जेंटीना के सेबेस्टियन बाएज़ के खिलाफ खेलते हुए गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट लग गई। इस चोट के बावजूद, उन्होंने 6/4, 6/2 के स्कोर से शानदार जीत दर्ज की और टूर्नामेंट के दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की की।
मार्का की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अल्कारज़ ने अपनी चोट से उबरने के लिए खुद को एक दिन का आराम देने का फैसला किया है। वे अपने फिजियोथेरेपिस्ट की देखरेख में पूरी तरह से ठीक हो रहे हैं।
टोक्यो में कार्लोस अल्कारज़ का दूसरे दौर का मुकाबला शनिवार, 27 सितंबर को निर्धारित है। इस मैच में उनका सामना बेल्जियम के ज़ीज़ू बर्ग्ज़ से होगा।
